*एक गांव गोद लें, विद्यादान, साइबर सुरक्षा जागरूकता और फिट इंडिया के माध्यम से सेवा व जनजागरूकता का दिया जाएगा संदेश*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत 8, 9 अक्टूबर को जिले में होंगे विविध कार्यक्रम*
*17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में चलाया जा रहा विशेष सेवा संकल्प अभियान*
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 07 अक्टूबर 2026। जिले में सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक विशेष सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से लगातार जनहित एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 8, 9 अक्टूबर को जिले में शिक्षा, सामाजिक सहभागिता, साइबर सुरक्षा तथा खेल एवं स्वास्थ्य से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने के साथ ही उनमें सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान में शासन की जनकल्याणकारी भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जागरूकता, सामाजिक सहयोग और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों को प्रमुखता दी जा रही है।
*8 अक्टूबर को डोंगरीपाली में “एक गांव गोद लें” और विद्यादान कार्यक्रम*
अभियान के तहत 8 अक्टूबर को बरमकेला विकासखंड के डोंगरीपाली में दोपहर 12 बजे “एक गांव गोद लें” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यादान एवं शिक्षा सहयोग की गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सेवा और सहभागिता की भावना को मजबूत करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से समाज के सक्षम एवं जागरूक लोगों को शिक्षा और सामाजिक विकास के कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
*9 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा,
9 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी में सुबह 11 बजे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया जाएगा। बदलते डिजिटल परिवेश में विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण होगा।
इसी तरह 10 अक्टूबर को सुबह 7 बजे खेलभांठा मैदान में फिट इंडिया खेल सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नियमित खेल, व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वस्थ शरीर और सक्रिय जीवनशैली के संदेश के साथ प्रतिभागियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितम्बर से लगातार विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सेवा कार्य केवल आयोजनों तक सीमित न रहें, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करें।

