Raigarh News

25 वर्षों से गांवों में सेवा दे रहीं मितानिन दीदियां सम्मानित, इंचपारा में हुआ आयोजन

धरमजयगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चाल्हा अंतर्गत इंचपारा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मितानिन सम्मान दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पिछले 25 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहीं मितानिन दीदियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, जनपद पंचायत सदस्यों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मितानिन दीदियों को शॉल, श्रीफल, शील्ड और गुलदस्ता भेंटकर उनके योगदान की सराहना की। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और पारस संस्था के कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता निभाई। मितानिन दीदियों के उत्साहवर्धन के लिए कुर्सी दौड़ और रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विजेता समूहों को पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन के दौरान मितानिन दीदियों के सेवा कार्यों और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया।

मितानिन दीदियां पिछले 25 वर्षों से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना जैसी गंभीर महामारी के दौरान भी उनके योगदान को सराहनीय बताया गया। ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी मानी जाने वाली मितानिन दीदियों का सम्मान उनके नि:स्वार्थ सेवा और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बना।

कार्यक्रम में कुमा की सरपंच मालती राठिया, चाल्हा सरपंच सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की विशेष सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चौधरी और संतोष कुमार घोष ने किया। अंत में स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक हेमेश्वरी बेहरा, मितानिन प्रशिक्षक नीला राठिया, चित्रसेन प्रसाद पटेल तथा विभिन्न गांवों से पहुंचीं मितानिन दीदियों ने अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में चाल्हा, रूवांफूल, क्रिन्धा, बताती, जलडेगा, जमरगा, बकालो, पेलमा, कुमा, कंचीरा और पारेमेर क्षेत्र की मितानिन दीदियां शामिल रहीं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button