Raigarh News

रायगढ़ फिजियोथेरेपी कॉलेज के पहले बैच का प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों ने पहना व्हाइट कोट

रायगढ़ के शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय में बुधवार, 25 नवंबर को प्रथम बैच के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में प्रवेशोत्सव एवं इंडक्शन सेरेमनी का आयोजन किया गया। अस्पताल के लेक्चर हॉल में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी शिक्षा, चिकित्सा सेवा के दायित्वों और भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं से परिचित कराया गया। प्रथम बैच का यह आयोजन महाविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत के साथ जिले में फिजियोथेरेपी शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संतोष कुमार ने की। मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. डी.एस. पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी, नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे, एनाटॉमी विभाग की डॉ. ऋचा गुरुदिवान, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सोफिया नूर, डॉ. ऋतु शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों के स्वागत के बाद प्रथम बैच के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए फिजियोथेरेपी शिक्षा के महत्व और महाविद्यालय की स्थापना की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक सफल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और मानवीय संवेदना को अपने पेशे का आधार बनाने की प्रेरणा दी।

डीन डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि बीमारी, दुर्घटना या शारीरिक अक्षमता से प्रभावित लोगों को दोबारा चलने-फिरने, दैनिक कार्य करने और आत्मनिर्भर बनने में फिजियोथेरेपी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी के भाव के साथ इस पेशे को अपनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. डी.एस. पटेल ने चिकित्सा क्षेत्र में अनुशासन, समयबद्धता और सभी के प्रति सम्मान को आवश्यक बताया। वहीं, डॉ. पूजा साहू ने फिजियोथेरेपी के व्यापक कार्यक्षेत्र, विभिन्न चिकित्सा विधाओं में इसकी उपयोगिता और करियर के अवसरों की जानकारी दी।

समारोह का विशेष आकर्षण व्हाइट कोट सेरेमनी रही। इसमें नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एप्रन पहनाकर चिकित्सा शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में उनकी पेशेवर यात्रा का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया गया। प्रारंभिक क्लिनिकल शिक्षा के प्रतीक के रूप में विद्यार्थियों को पर्कशन हैमर भी प्रदान किए गए। उन्हें बताया गया कि प्रथम बैच का हिस्सा होने के नाते संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति और अनुशासन स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे ने आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button