रायगढ़। जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास दो माजदा वाहनों से परिवहन किया जा रहा करीब 17 टन 900 किलो स्क्रैप जब्त किया है। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 6 लाख 26 हजार 500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों माजदा वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, कबाड़ और दोनों वाहनों समेत जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 26 हजार 500 रुपए है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 2 अक्टूबर 2026 को की गई। थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माजदा वाहनों के जरिए कबाड़ का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम देलारी में रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी कर दो माजदा वाहनों को रोककर उनकी जांच की।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG07CC0311 के चालक लालमणी गणतिया के वाहन से विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, इसका वजन करीब 9 टन 690 किलो और अनुमानित कीमत 3 लाख 39 हजार 150 रुपए थी।
इसी तरह दूसरे वाहन क्रमांक OD31G8488 की जांच में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप मिला। पुलिस के अनुसार, इस स्क्रैप का वजन करीब 8 टन 210 किलो और अनुमानित कीमत 2 लाख 87 हजार 350 रुपए थी। दोनों वाहनों से बरामद स्क्रैप का कुल वजन 17 टन 900 किलो और कीमत करीब 6 लाख 26 हजार 500 रुपए आंकी गई।
पुलिस ने बताया कि स्क्रैप के संबंध में दोनों वाहन चालकों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वे कबाड़ के संबंध में संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों और उनमें लदे स्क्रैप को जब्त कर लिया।
कार्रवाई में वाहन क्रमांक CG07CC0311 के चालक लालमणी गणतिया, पिता स्वर्गीय भास्कर गणतिया, निवासी सिदांडीमुडा, पोस्ट सरगढ़, थाना एवं जिला बलांगिर, ओडिशा को पकड़ा गया। वहीं दूसरे वाहन के चालक मो. अपरार, पिता मो. माजी, उम्र 32 वर्ष, निवासी कमरिया, पोस्ट एवं थाना मौदाहा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दोनों माजदा वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए है। इस तरह स्क्रैप और दोनों वाहनों को मिलाकर कुल करीब 26 लाख 26 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 50/2026 और 51/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS में वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार निगरानी की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। अभियान के तहत एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। पुलिस टीम थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में अवैध कबाड़ परिवहन पर निगरानी रख रही थी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

