सेवा दूत अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी, रायगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान कार्यशाला में हुए शामिल

रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सेवा दूत अभियान की प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेशभर के प्रमुख पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में अभियान को मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरुपाल भल्ला सहित जिले के अन्य नेता भी कार्यशाला में शामिल हुए।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ भाजपा सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह और अभियान की प्रदेश संयोजक सरोज पांडेय सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सिद्धार्थ शम्भू ने कहा कि सेवा भाजपा की पहचान है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा दूत बनकर जनता के बीच पहुंचना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अभियान को हर मंडल और बूथ तक पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अनुशासन और सेवा भाव को संगठन की ताकत बताया।
अभियान की प्रदेश संयोजक सरोज पांडेय ने कहा कि सेवा दूत का अर्थ जरूरतमंदों की आवाज बनना है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज से जोड़ने की बात कही। कार्यशाला में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि प्रांतीय कार्यशाला में मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार रायगढ़ जिले में भी सेवा दूत अभियान मिशन मोड में चलाया जाएगा। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की टीमें बनाकर सेवा गतिविधियों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए संगठन के सेवा कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले अभियान के लिए रायगढ़ जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में समन्वय और सह समन्वय की जिम्मेदारी तय की गई है। धर्मजयगढ़ विधानसभा के लिए नरेश पंडा और शिशुपाल गुप्ता, रायगढ़ विधानसभा के लिए जीवर्धन चौहान और ब्रजेश गुप्ता, खरसिया विधानसभा के लिए सनत नायक और सतीश अग्रवाल तथा लैलूंगा विधानसभा के लिए रमेश बेहरा और ललित यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बूथों के सशक्तिकरण के साथ सेवा भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गतिविधियां संचालित करेंगे।
