कनक तिवारी के निधन पर ओपी चौधरी ने जताया शोक, बताया अपूरणीय क्षति

छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ और ख्यात लेखक कनक तिवारी के निधन पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कनक तिवारी के निधन को छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि प्रदेश ने एक विद्वान विधिवेत्ता और प्रखर विचारक को खो दिया है।
ओपी चौधरी ने कहा कि कनक तिवारी न केवल एक कुशल महाधिवक्ता थे, बल्कि संविधान के गहन जानकार और ख्यात लेखक के रूप में प्रदेश और देश में अपनी अलग पहचान रखते थे। विधि, संविधान और साहित्य के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके अनुसार, कनक तिवारी ने अपने ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से अनेक पीढ़ियों को प्रेरित किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि उनका निधन विधि जगत और साहित्य जगत, दोनों के लिए बड़ी क्षति है। उनके विचारों और योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। ओपी चौधरी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
