Raigarh News

अधिवक्ता नियुक्त करने से रोकने का आरोप, जिला अधिवक्ता संघ ने एसपी से की शिकायत

रायगढ़ में समरी चालान और प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कथित हस्तक्षेप को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने आपत्ति जताई है। संघ ने पुलिसकर्मियों पर पक्षकारों को अधिवक्ता नियुक्त नहीं करने की सलाह देने और चुनिंदा वकीलों के नाम सुझाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जिला अधिवक्ता संघ ने अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि जिला न्यायालय में प्रस्तुत होने वाले छोटे आपराधिक मामलों और समरी चालान में कुछ पुलिस अधिकारी, चालान मुंशी एवं कर्मचारी पक्षकारों से संपर्क कर उन्हें अधिवक्ता नियुक्त करने की आवश्यकता नहीं होने की बात कहते हैं। आरोप है कि पक्षकारों को यह भरोसा दिलाया जाता है कि वे स्वयं न्यायालय में अपराध स्वीकार कर कम अर्थदंड में प्रकरण समाप्त करवा सकते हैं। कुछ मामलों में पुलिसकर्मियों द्वारा पक्षकारों को किसी विशेष या चुनिंदा अधिवक्ता के पास जाने की सलाह दिए जाने की शिकायत भी की गई है।

अधिवक्ता संघ ने एसडीएम और तहसीलदार न्यायालयों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 135 एवं 170 तथा पूर्व में प्रचलित दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 107, 116 एवं 151 के तहत प्रस्तुत होने वाले प्रतिबंधात्मक प्रकरणों का भी उल्लेख किया है। संघ के मुताबिक, इन मामलों में भी कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा पक्षकारों को विधिक सलाह लेने से हतोत्साहित करने और जमानत एवं प्रकरणों के निपटारे के नाम पर अनुचित मध्यस्थता किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

संघ का कहना है कि पुलिस विभाग का दायित्व निष्पक्ष जांच कर न्यायालय के समक्ष तथ्य प्रस्तुत करना है, न कि पक्षकारों के विधिक सलाहकार या मध्यस्थ की भूमिका निभाना। इस तरह की गतिविधियों से न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता और न्यायालय की गरिमा प्रभावित होने की आशंका है।

ज्ञापन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से मांग की गई है कि जिले के सभी थाना प्रभारियों, चालान मुंशियों और न्यायालयीन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश जारी किए जाएं कि वे पक्षकारों को अधिवक्ता नियुक्त नहीं करने की सलाह न दें और न ही किसी विशेष अधिवक्ता का नाम सुझाएं। इसके अलावा न्यायालय में चालान या इस्तगासा प्रस्तुत होने के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा पक्षकारों को अपराध स्वीकार कराने अथवा प्रकरणों के निपटारे में मध्यस्थता करने पर रोक लगाने की मांग की गई है। संघ ने भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, सचिव जय मालाकर, सह सचिव भावेश स्वर्णकार, ग्रंथपाल सचिव कौशल राजपूत, क्रीड़ा सचिव गोपी राम यादव सहित दीपा निराला, प्रीति महंत, काजल पैंकरा और प्रवीण साहू उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button