Raigarh News

ऑपरेशन आघात में चक्रधरनगर पुलिस की दो गांवों में रेड, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने दो गांवों में छापेमारी कर एक महिला सहित दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने ग्राम महापल्ली नवामुड़ा और लोईंग में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 9.420 बल्क लीटर शराब और बीयर जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा को सूचना मिली कि महापल्ली नवामुड़ा निवासी कल्पना उरांव अपने घर में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान घर के आंगन में दीवार के किनारे बोरी से ढंकी 10 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन में करीब 8 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत लगभग 1,600 रुपये आंकी गई। पुलिस ने कल्पना उरांव (31), पति प्रदीप उरांव, निवासी महापल्ली नवामुड़ा के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की।

इसी दिन पुलिस ने ग्राम लोईंग में दूसरी कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंद्रशेखर उर्फ सोनू सतनामी अपने घर की बाड़ी में अवैध शराब छिपाकर बिक्री करता है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शुरुआत में उसने शराब रखने और बेचने से इनकार किया। पूछताछ के बाद आरोपी ने घर के पीछे बाड़ी में जमीन के अंदर दबाकर रखा बोरा निकालकर पुलिस को दिया। तलाशी में ओडिशा ब्रांड की 180 एमएल वाली अंग्रेजी शराब के 9 पाव, देशी शराब की 10 पाव शीशियां और 12 बीयर बरामद हुईं। पुलिस ने कुल 9.420 बल्क लीटर शराब और बीयर जब्त की, जिसकी कीमत करीब 4,400 रुपये बताई गई है। आरोपी चंद्रशेखर उर्फ सोनू सतनामी (23), पिता महेश सतनामी, निवासी लोईंग के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button