Raigarh News

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की धान खरीदी एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की समीक्षा धान को वर्षा से सुरक्षित रखने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश 27 नवंबर को जिलेभर में आयोजित होंगी बाल विवाह रोकथाम के लिए सघन जनजागरूकता गतिविधियां

 

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की धान खरीदी एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की समीक्षा

धान को वर्षा से सुरक्षित रखने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

27 नवंबर को जिलेभर में आयोजित होंगी बाल विवाह रोकथाम के लिए सघन जनजागरूकता गतिविधियां

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे, उन्होंने समय सीमा की बैठक में पुलिस विभाग से लंबित प्रकरणों एवं जिले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर भी विशेष जानकारी देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्री डी.एस. राजपूत, सुश्री शिक्षा शर्मा सहित अन्य डिप्टी कलेक्टर एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ने जिले में समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी की समीक्षा करते हुए उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए उपार्जित धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में तिरपाल, ड्रेनेज एवं स्टैकिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिला स्तरीय एवं नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने तथा संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित अंतरराष्ट्रीय बाल, अल्पायु एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर आगामी 27 नवंबर को जिले में सघन जनजागरूकता गतिविधियों के आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिला स्तर से ग्राम स्तर तक शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायती राज संस्थाओं, नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, मैदानी कार्यकर्ताओं एवं सामुदायिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित करने तथा स्कूलों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह नहीं करने एवं बाल विवाह का विरोध करने की सामूहिक शपथ दिलाने को कहा।

कलेक्टर ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आम नागरिकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 27 नवंबर को अपराह्न 3 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली में भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के जिला स्तर पर ऑनलाइन प्रदर्शन की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें, वीडियो एवं मीडिया कवरेज निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने तथा समय-सीमा में प्रतिवेदन प्रेषित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों, आम नागरिकों के आवेदनों एवं विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button