Raigarh News

छत्तीसगढ़ के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, चंदलीडीह में शुरू हुआ रामनामी इको टूरिज्म; पहले ही दिन रसिया से पहुंचे पर्यटक

*छत्तीसगढ़ के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, चंदलीडीह में शुरू हुआ रामनामी इको टूरिज्म; पहले ही दिन रसिया से पहुंचे पर्यटक*

*प्रकृति, रोमांच और संस्कृति का अनूठा संगम बनेगा चंदलीडीह, बोटिंग, बंबू राफ्टिंग, कायाकिंग, नाइट कैंपिंग और पहाड़ ट्रैकिंग का उठा सकेंगे आनंद*

*अपर कलेक्टर  चंद्रकांत कौशिक ने फीता काटकर किया शुभारंभ*

सारंगढ़-बिलाईगढ़,25 नवंबर 2026। जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और यहां की प्राकृतिक सुंदरता एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम चंदलीडीह में जिला प्रशासन एवं रामनामी समुदाय के संयुक्त प्रयासों से रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। इसका शुभारंभ अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने फीता काटकर किया।
इस पर्यटन स्थल की खास बात यह रही कि शुभारंभ के पहले ही दिन फ्रांस से आए दो विदेशी पर्यटकों ने चंदलीडीह पहुंचकर यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और सांस्कृतिक परिवेश का अनुभव किया। विदेशी पर्यटकों की आमद से इस क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ी है। देशी-विदेशी पर्यटकों के संभावित आवागमन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यहां पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटकों को एक यादगार अनुभव मिल सके।

*प्रकृति की खूबसूरती के साथ रोमांचक गतिविधियों का आनंद*
रामनामी इको टूरिज्म, चंदलीडीह में पर्यटकों के लिए प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने के साथ रोमांच से भरपूर गतिविधियों का अनुभव करने का अवसर मिलेगा। यहां पिकनिक, बोटिंग, बंबू राफ्टिंग, कायाकिंग, नाइट कैंपिंग और सतखंडा पहाड़ ट्रैकिंग जैसी आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध हैं। पर्यटक पहाड़ी प्राकृतिक परिवेश का आनंद लेने, पानी में रोमांचक गतिविधियों का अनुभव करने और खुले आसमान के नीचे कैंपिंग के माध्यम से प्रकृति के करीब समय बिता सकेंगे। परिवार, दोस्तों और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह स्थान एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनने की क्षमता रखता है।

*रामनामी समाज की अनूठी विरासत से रूबरू होंगे पर्यटक*

चंदलीडीह पर्यटन स्थल की सबसे बड़ी विशेषता यहां की रामनामी सांस्कृतिक विरासत है। रामनामी समाज छत्तीसगढ़ की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था और राम नाम के प्रति समर्पण इस समाज की प्रमुख विशेषता है। रामनामी समुदाय के लोग अपने शरीर पर राम-राम नाम का गोदना गुदवाने, राम नाम अंकित वस्त्र धारण करने तथा भजन-कीर्तन की विशिष्ट परंपरा के लिए जाने जाते हैं। उनकी जीवनशैली, लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत भारतीय संस्कृति का अनूठा हिस्सा हैं। यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य के साथ रामनामी समाज की आस्था, परंपराओं और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को करीब से जानने का अवसर प्राप्त करेंगे।
स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य केवल पर्यटन स्थल विकसित करना ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करना भी है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए रामनामी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर बिलाईगढ़ जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती योगेश्वरी बर्मन सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण एवं सचिव उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से
विकसित कर नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रामनामी इको टूरिज्म, चंदलीडीह इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल जिले में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button