रायगढ़। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती 2026 के 13 दिवसीय आयोजन का शुभारंभ आज, बुधवार 30 सितंबर को शाम 4:30 बजे नटवर स्कूल मैदान में होगा। जयंती के पहले कार्यक्रम में 50 वर्ष का वैवाहिक जीवन पूरा कर चुके समाज के 25 से अधिक दंपतियों का गोल्डन जुबली सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह की खास बात यह होगी कि इन्हीं वरिष्ठ दंपतियों के हाथों महाराजा श्री अग्रसेन प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ कराया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, इसके जरिए वरिष्ठों के अनुभव और आशीर्वाद को युवाओं की ऊर्जा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
मीडिया प्रभारी प्रकाश निगानिया ने बताया कि महाराजा श्री अग्रसेन प्रीमियर लीग डे-एंड-नाइट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। इसमें समाज के 18 गोत्रों के नाम से 18 टीमें मैदान में उतरेंगी। प्रत्येक टीम में 9 खिलाड़ी होंगे, जिनका चयन ऑक्शन प्रक्रिया के जरिए किया गया है।
प्रतियोगिता 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी। विजेता टीम को 61 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 41 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
आयोजन समिति के प्रभारी अनूप बंसल, सचिन बंसल, रवि अग्रवाल (सीए), महिला प्रभारी कविता बेरीवाल, आशा अग्रवाल (टाइटन) और शालू गोयल ने समाज के अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं परिवारों से शाम 4:30 बजे नटवर स्कूल मैदान पहुंचने की अपील की है। समिति के अनुसार, जयंती समारोह में सामाजिक एकता, संस्कार, परंपरा और युवा सहभागिता को प्रमुखता दी जाएगी।

