spot_img

Latest Posts

वन महोत्सव में उमड़ा जनसहभागिता का उत्साह, सोनबरसा-भैनापारा में हुआ व्यापक पौधरोपण

जनप्रतिनिधियों ने कहा- पौधरोपण तभी सफल होगा, जब हर नागरिक निभाए संरक्षण की जिम्मेदारी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वन परिक्षेत्र खरसिया अंतर्गत सोनबरसा-भैनापारा में वन महोत्सव सह पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गबेल, बलदेव कुर्रे, लक्ष्मी पटेल, सरपंच श्रीमती राजकुमारी सिदार सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गबेल ने कहा कि वन विभाग द्वारा किया जा रहा यह पौधरोपण अभियान आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित करेगा। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना है। यदि सभी क्षेत्रवासी मिलकर इन पौधों का संरक्षण करेंगे, तभी यह अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करेगा और आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण मिल सकेगा। बलदेव कुर्रे ने अपने संबोधन में कहा कि पौधरोपण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। जिस प्रकार एक मां अपने बच्चे का पालन-पोषण पूरे समर्पण और स्नेह से करती है, उसी भावना से लगाए गए पौधों की देखभाल करनी होगी। उन्होंने कहा कि इन पौधों का सबसे अधिक लाभ स्थानीय लोगों को ही मिलेगा, इसलिए सभी को इनके संरक्षण के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे आना चाहिए।
वन परिक्षेत्र अधिकारी खरसिया रेंजर लीला पटेल ने बताया कि वन महोत्सव सह वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत भैनापारा क्षेत्र में ब्लॉक प्लांटेशन के तहत पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से पौधों की सुरक्षा, नियमित देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील की गई। उन्होंने बताया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत भी पौधारोपण कर लोगों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर ओमप्रकाश राठौर, शिवचरण महेश, प्रियंका चौहान, गंगाराम पटेल, सुरेश चौहान, सुरेश बंजारे, मुरली साहू, दीपक राठौर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss