नवोदय प्रवेश परीक्षा से पहले 401 विद्यार्थियों ने दिया मॉक टेस्ट

रायगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा का अनुभव देने के उद्देश्य से बालक शाला पुसौर में विकासखंड स्तरीय मॉक टेस्ट आयोजित किया गया। इसमें पूरे विकासखंड के 401 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल की पहल पर किया गया।
मॉक टेस्ट का आयोजन पूरी तरह ऑफलाइन माध्यम से हुआ। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र के साथ ओएमआर शीट उपलब्ध कराई गई, जिसमें उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उत्तर अंकित किए। नवोदय प्रवेश परीक्षा के नवीनतम पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न को ध्यान में रखकर प्रश्नपत्र तैयार किया गया था।
इस अभ्यास का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा के वातावरण, प्रश्नों के स्वरूप, समय प्रबंधन और ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया से परिचित कराना था। इससे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने और परीक्षा के दौरान संभावित कठिनाइयों को समझने का अवसर मिला।
उल्लेखनीय है कि जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा से पहले हुए इस मॉक टेस्ट में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन, एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बिना तनाव के सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभ्यास से वास्तविक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।
