खरसिया में अवैध धान भंडारण पर छापा, दो ठिकानों से 46 क्विंटल धान जब्त

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण और कारोबार करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने खरसिया क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान कुल 46 क्विंटल यानी 115 कट्टी धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
संयुक्त टीम ने पहली कार्रवाई खरसिया के छपरीगंज में की। यहां निवासी विक्की अग्रवाल के यहां निरीक्षण के दौरान 45 कट्टी यानी 18 क्विंटल धान का अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई खरसिया क्षेत्र के काफरमार में वरुण तिवारी के प्रतिष्ठान पर की गई। यहां जांच के दौरान 70 कट्टी यानी 28 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। इस मामले में भी संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
प्रशासन के मुताबिक, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और कोचियों-बिचौलियों के माध्यम से होने वाले अवैध परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए निगरानी जारी रहेगी। खरसिया में दो ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
