*सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 27 नवंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 271 पदों पर युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर* **राज्य शासन की मंशानुरूप युवाओं को रोजगार से जोड़ने जिला प्रशासन की पहल** **कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में नगर पंचायत सरसींवा में होगा रोजगार मेले का आयोजन**
*सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 27 नवंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 271 पदों पर युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर*
**राज्य शासन की मंशानुरूप युवाओं को रोजगार से जोड़ने जिला प्रशासन की पहल**
**कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में नगर पंचायत सरसींवा में होगा रोजगार मेले का आयोजन**
**निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में 12,200 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन पर मिलेगा रोजगार**
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2026। राज्य शासन द्वारा प्रदेश के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य शासन की मंशानुरूप सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा रोजगार संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा आगामी 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को नगर पंचायत सरसींवा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 271 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10:30 बजे से प्रारंभ होगा।
जिले के युवाओं को उनकी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में आयोजित इस मेले में स्थानीय आवेदकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त करने के साथ चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध होगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र सारंगढ़-बिलाईगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोजगार मेले में मेसर्स स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित युवाओं को 12,200 रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। इन पदों के लिए सारंगढ़, सरसींवा एवं बसना सहित अन्य स्थानों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
इसी प्रकार मेसर्स जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा टेक्नीशियन के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 15,240 से 18,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों के लिए सारंगढ़, लैलूंगा एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्यक्षेत्र निर्धारित किया गया है।
रोजगार मेले में मेसर्स चैतन्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित युवाओं को 12,200 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों के लिए सारंगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में रोजगार का अवसर उपलब्ध होगा।
इसके अतिरिक्त मेसर्स टीपीएल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें टेक्नीशियन के 5 पद, आईटीआई फिटर के 50 पद, आईटीआई गैस कटर के 18 पद, आईटीआई ग्राइंडर ऑपरेटर के 20 पद, आईटीआई वेल्डर के 17 पद, आईटीआई टर्नर के 5 पद, आईटीआई केन ऑपरेटर के 10 पद, आईटीआई मशीन ऑपरेटर के 15 पद तथा हेल्पर के 50 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए संबंधित तकनीकी योग्यता एवं निर्धारित शैक्षणिक अर्हता रखने वाले अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 14,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों के लिए कार्यक्षेत्र जेएसपीएल निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेज एवं आवश्यक जानकारी के साथ रोजगार मेला स्थल नगर पंचायत सरसींवा में उपस्थित होना होगा।
रोजगार मेले में उपलब्ध रिक्त पदों, निर्धारित योग्यता एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल तथा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
