जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 से 14 दिसंबर तक होगा वजन त्योहार कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा कर सभी बच्चों का वजन और ऊंचाई मापने के दिए निर्देश

जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 से 14 दिसंबर तक होगा वजन त्योहार
कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा कर सभी बच्चों का वजन और ऊंचाई मापने के दिए निर्देश
आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित समय पर खोलने तथा उपस्थिति के आधार पर मानदेय जारी करने के निर्देश
एनआरसी में कुपोषित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और पोषण आहार वितरण की सतत निगरानी पर दिया जोर
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 नवंबर 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की छह परियोजनाओं के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 से 14 दिसंबर 2026 तक वजन त्योहार का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने बैठक में वजन त्योहार की तैयारियों के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करते हुए विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में विभागीय अधिकारी, परियोजना अधिकारी एवं अन्य विभागीय अमला उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि वजन त्योहार का आयोजन इस प्रकार किया जाए कि आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यक्षेत्र में आने वाले छह वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापी जा सके। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों के साथ छूटे हुए बच्चों का भी पंजीयन कर आयोजन में शामिल करने तथा प्रत्येक बच्चे की पोषण स्थिति का सही आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, श्री विजय राणा सिंह, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ,सीडीपीओ वी अन्य अमले उपस्थित थे।
उन्होंने परियोजना अधिकारियों को आयोजन से पहले आंगनबाड़ी केंद्रवार आवश्यक तैयारियां पूरी करने, वजन एवं ऊंचाई मापने के उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा। साथ ही पालकों को आयोजन की तिथि की जानकारी समय पर देने के निर्देश दिए, ताकि वे अपने बच्चों को लेकर निर्धारित दिन आंगनबाड़ी केंद्र पहुंच सकें।
वजन त्योहार के दौरान बच्चों का वजन और ऊंचाई मापकर उनके पोषण स्तर का आकलन किया जाएगा। प्राप्त जानकारी पोषण ट्रैकर में दर्ज की जाएगी। बच्चों में निःशक्तता से संबंधित जानकारी भी संकलित की जाएगी। कलेक्टर ने मापन में शुद्धता पर विशेष ध्यान देने और प्रतिदिन लिए गए वजन की जानकारी समय पर पोषण ट्रैकर में दर्ज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि वजन त्योहार के माध्यम से प्रत्येक परिवार को बच्चे की पोषण स्थिति की जानकारी दी जाए। कुपोषित बच्चों की पहचान होने पर उनकी स्थिति के अनुरूप आवश्यक देखभाल एवं पोषण के संबंध में पालकों को मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने अधिक कुपोषण वाले क्षेत्रों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।
वजन त्योहार के दौरान गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं का वजन और ऊंचाई मापने के साथ उनके पोषण स्तर का आकलन किया जाएगा। एनीमिया की जांच और बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) का मापन भी किया जाएगा। कलेक्टर ने इसके लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर आवश्यक स्वास्थ्य अमले एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की नियमित निगरानी के निर्देश
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पिछले माह जिले में केंद्रों के खुलने का प्रतिशत कम होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित समय पर शत-प्रतिशत खोलना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय उनकी उपस्थिति के आधार पर जारी करने को कहा।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं परियोजना अधिकारियों को केंद्रों के नियमित संचालन और योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
एनआरसी और पोषण आहार वितरण की समीक्षा
कलेक्टर ने जिले में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) में कुपोषित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं से संबंधित सेवाओं तथा पोषण आहार वितरण की सतत निगरानी करने को भी कहा।
वजन त्योहार के आयोजन में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजन की निर्धारित तिथि पर आंगनबाड़ी केंद्र शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे, ताकि संबंधित क्षेत्र के सभी बच्चों का वजन लिया जा सके। वजन एवं ऊंचाई मापने के बाद बच्चे के पोषण स्तर की जानकारी पालकों को दी जाएगी।
