50 हजार एडवांस देकर 12.50 लाख का ट्रेलर ले गया आरोपी, न रकम दी न वाहन लौटाया

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में ट्रेलर खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने 12 लाख 50 हजार रुपये में ट्रेलर खरीदने का सौदा किया और 50 हजार रुपये एडवांस देकर वाहन अपने कब्जे में ले लिया। शेष 12 लाख रुपये फाइनेंस के जरिए देने की बात कही थी, लेकिन बाद में न तो रकम चुकाई और न ही ट्रेलर वापस किया। वाहन मालिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा के ग्राम कुडुमकेला निवासी कमलेश कुमार पटेल (44) के नाम पर अशोक लेलैंड कंपनी का 18 चक्का ट्रेलर पंजीकृत है। रुपयों की जरूरत होने के कारण वह वाहन बेचना चाहता था। इसी दौरान उसका परिचय रायगढ़ के चांदनी चौक निवासी आर्य सलमान बेग से हुआ। दोनों के बीच ट्रेलर का सौदा 12 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ।
20 अप्रैल 2024 को आर्य सलमान बेग ने अपने स्टेट बैंक खाते से 50 हजार रुपये का चेक एडवांस के रूप में दिया। बाकी 12 लाख रुपये फाइनेंस के माध्यम से चुकाने की बात कही। इसके बाद उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे कमलेश ने ग्राम कुडुमकेला में ट्रेलर आरोपी को सौंप दिया। 5 जून 2024 को तहसील कार्यालय घरघोड़ा में वाहन बिक्री का इकरारनामा भी तैयार कराया गया और उसकी नोटरी कराई गई।
कमलेश के मुताबिक, वाहन सौंपने के बाद करीब डेढ़ महीने तक आरोपी से मोबाइल पर बातचीत होती रही। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया और कुछ दिनों बाद मोबाइल भी बंद कर लिया। परेशान होकर कमलेश चांदनी चौक स्थित आरोपी के घर पहुंचा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। आरोपी के परिजनों ने भी उसके बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया।
कमलेश ने अपने स्तर पर आरोपी और ट्रेलर की तलाश की, लेकिन दोनों का पता नहीं चला। इसके बाद उसने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आर्य सलमान बेग के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
