Raigarh News

तीन महीने बंद रहेगा रायगढ़ का चांदनी चौक पुल, नीचे से बनेगा वैकल्पिक रास्ता

रायगढ़ में कैनाल लिंक रोड के अंडरपास निर्माण कार्य के चलते चांदनी चौक पुल आगामी तीन महीने तक आवागमन के लिए बंद रहेगा। इस दौरान पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुविधा के लिए पुल के नीचे से वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने निर्माण कार्य की प्रगति, पुल के आसपास की स्थिति और यातायात पर पड़ने वाले प्रभावों का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार और साइट इंजीनियर को निर्देशित किया कि पुल बंद रहने की अवधि में पैदल राहगीरों और बाइक चालकों को अनावश्यक परेशानी न हो। इसके लिए पुल के नीचे सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जाए।

उन्होंने वैकल्पिक मार्ग का निर्माण जल्द पूरा करने और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने आसपास के रहवासियों से चर्चा कर उन्हें निर्माण कार्य की जानकारी दी।

कैनाल लिंक रोड परियोजना के तहत जोगीडीपा चौक से चांदनी चौक होते हुए सड़क मरीन ड्राइव तक पहुंचेगी। इसके आगे मरीन ड्राइव को सीधे उड़ीसा रोड हाईवे से जोड़ने की योजना भी तैयार की जा रही है।

इस सड़क संपर्क के विकसित होने से रायगढ़ की आंतरिक और बाहरी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। रायगढ़ आने वाले और यहां से दूसरे शहरों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एक हाईवे से दूसरे हाईवे तक पहुंचने के लिए शहर के भीतरी हिस्सों से कम गुजरना पड़ेगा। इससे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिल सकती है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button