रायगढ़ की अर्चिता गुरु ने हासिल की पीएचडी, मैत्रेयी पुष्पा के उपन्यासों पर किया शोध

अर्चिता गुरु ने हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कलिंगा विश्वविद्यालय, रायपुर से हिन्दी विषय में पीएचडी शोधकार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। उनका शोध विषय ‘मैत्रेयी पुष्पा के उपन्यासों का समग्र विवेचन’ रहा। इस शोध के माध्यम से उन्होंने हिन्दी साहित्य की प्रतिष्ठित उपन्यासकार मैत्रेयी पुष्पा के उपन्यासों का समग्र अध्ययन और विश्लेषण किया है।
अर्चिता गुरु वर्तमान में ओडिशा के संबलपुर स्थित वैदिक इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। अध्यापन की जिम्मेदारी निभाने के साथ हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में शोधकार्य पूरा करना उनकी साहित्यिक अभिरुचि, निरंतर मेहनत और शैक्षणिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि को शैक्षणिक और साहित्यिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
अर्चिता गुरु स्वर्गीय भुवनेश्वर गुरु और श्रीमती मालिनी गुरु की सुपुत्री तथा अर्पिता षडंगी की बहन हैं। उनके पति रश्मिरंजन षडंगी हैं। अपनी इस उपलब्धि पर उन्होंने अपनी माता मालिनी गुरु, बहन अर्पिता षडंगी और पति रश्मिरंजन सारंगी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंचने में परिवार का सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।
