Raigarh News

ओपी चौधरी ने तखतपुर में 4.61 करोड़ के नालंदा परिसर का किया भूमिपूजन

बिलासपुर जिले के तखतपुर में 250 सीटर नालंदा परिसर और परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रामसदन मंच पर आयोजित कार्यक्रम में 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नालंदा परिसर और 1 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से होने वाले तालाब सौंदर्यीकरण कार्य की आधारशिला रखी। इस अवसर पर तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि 250 सीटर नालंदा परिसर केवल एक भवन नहीं, बल्कि तखतपुर के युवाओं के सपनों को आगे बढ़ाने वाला केंद्र होगा। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को शांत और व्यवस्थित अध्ययन का वातावरण मिलेगा। पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं और अनुशासित माहौल के जरिए छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बड़े शहरों जैसी अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नालंदा परिसर इसी उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकसित किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सुविधाओं के अभाव में पीछे न रहना पड़े।

परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह तालाब तखतपुर की पहचान और आस्था से जुड़ा है। 1 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्य के बाद यह स्थल लोगों के बैठने, टहलने और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी बनेगा। इससे क्षेत्र के पर्यावरण और शहर की सुंदरता को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अपने कलेक्टर बनने के दौरान आए संघर्षों और कठिनाइयों का अनुभव साझा करते हुए बच्चों को साहस और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “मनुष्य के साहस के सामने कोई बड़ा नहीं है। हारा वही, जो लड़ा नहीं।”

राजनीति में आने के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि वे पद या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि हर छत्तीसगढ़िया के जीवन में बदलाव लाने के लिए राजनीति में आए हैं। उनके अनुसार शिक्षा से गरीबी दूर करने और गांवों तथा प्रदेश को आगे बढ़ाने का रास्ता खुलता है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और रोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है तथा प्रदेश की ढाई करोड़ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम कर रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button