Raigarh News

रायगढ़ के रामलीला मैदान का होगा कायाकल्प, 5 करोड़ रुपये मंजूर

रायगढ़। शहर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है। नगरीय प्रशासन विभाग ने मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से दशकों पुरानी मांग पूरी होने का दावा किया गया है। इससे शहर के प्रमुख सांस्कृतिक और सार्वजनिक स्थल को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की उम्मीद है।

रामलीला मैदान रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां तीन दशक से अधिक समय से चक्रधर समारोह आयोजित होता आ रहा है। कला प्रेमी राजा चक्रधर सिंह की स्मृति में होने वाले इस समारोह में देश-दुनिया के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते हैं। इसके अलावा मैदान में वर्षों से रामलीला का मंचन होता रहा है। खेल गतिविधियों, राजनीतिक आयोजनों और शासकीय कार्यक्रमों के लिए भी यह स्थल प्रमुख रहा है।

लंबे समय से मैदान में जल निकासी की समस्या और व्यवस्थित विकास की कमी को लेकर जीर्णोद्धार की मांग उठती रही है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि प्रस्तावित विकास कार्यों से मैदान की स्थिति में सुधार होगा और इसकी उपयोगिता बढ़ेगी।

प्रस्तावित मास्टर साइट प्लान के अनुसार, मैदान में मौजूदा मंच को आधुनिक रूप दिया जाएगा। मंच के दोनों ओर ड्रेसिंग रूम, ग्रीन रूम और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंच को इस तरह तैयार करने की योजना है कि आयोजनों के दौरान बार-बार टेंट लगाने की आवश्यकता कम हो सके।

करीब 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति से मैदान के ऐतिहासिक स्वरूप को बनाए रखते हुए उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना है। इससे खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित हो सकेगी। टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब शहरवासियों की नजर निर्माण कार्य शुरू होने और उसके समयबद्ध पूरा होने पर रहेगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button