spot_img

Latest Posts

भुजबंधान तालाब के लिए 5 करोड़ स्वीकृत, पार्षद नेहा देवांगन ने जताया आभार

रायगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 02 धांगरडीपा स्थित ऐतिहासिक भुजबंधान तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर वार्डवासियों में खुशी का माहौल है। पार्षद नेहा देवांगन ने इस स्वीकृति के लिए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया है। उन्होंने इसे तीन वार्डों की जनभावनाओं और लंबे समय से चली आ रही मांग का सम्मान बताया।

पार्षद नेहा देवांगन के अनुसार, उन्होंने 26 मार्च 2025 को नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की थी। उन्होंने पत्र में बताया था कि भुजबंधान तालाब वार्ड क्रमांक 02, 14 और 16 से घिरा हुआ है। इन वार्डों के लोगों की धार्मिक आस्था और दैनिक जीवन से तालाब का गहरा संबंध है। मरनी-हरनी से लेकर पूजा-पाठ तक कई कार्यों के लिए स्थानीय लोग इसी तालाब पर निर्भर हैं। हालांकि, समय के साथ तालाब की स्थिति बदहाल हो गई थी।

पार्षद ने तालाब के गहरीकरण, पचरी निर्माण, पानी की उपलब्धता के लिए बोरवेल लगाने और गणेश तालाब की तर्ज पर सुबह-शाम टहलने की सुविधा विकसित करने की मांग की थी। इसके साथ ही बच्चों के लिए गार्डन बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया था, ताकि तालाब के आसपास के क्षेत्र को बेहतर और उपयोगी बनाया जा सके।

नेहा देवांगन ने कहा कि विधायक ओपी चौधरी ने तालाब के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाकर लोगों की पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने वार्ड क्रमांक 02, 14 और 16 के नागरिकों की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss