घोघरा घाटी पहाड़ मंदिर में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन
घोघरा घाटी पहाड़ मंदिर में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन,
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने की पूजा-अर्चना, कहा—जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूँजी
सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत बैगिनडीह के आश्रित ग्राम घोघरा घाटी स्थित प्रसिद्ध पहाड़ मंदिर में भरद्वाज मुनि जी एवं भगवान बजरंगबली के पावन सान्निध्य में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी भव्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन एवं सत्संग का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।
इस पावन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मंदिर परिसर पहुँचने पर ग्राम पंचायत के सरपंच, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
श्री पाण्डेय ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि “आज मैं जो कुछ भी हूँ, वह आप सभी जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद की देन है। जनता का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और जनसेवा की प्रेरणा है। प्रभु श्रीराम एवं बजरंगबली की कृपा हम सभी पर सदैव बनी रहे।”
उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराएँ समाज को प्रेम, सद्भाव, एकता एवं सेवा का संदेश देती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी आस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को संस्कारों एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
श्री पाण्डेय ने कहा कि घोघरा घाटी का यह पावन पहाड़ मंदिर क्षेत्रवासियों की गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र है। यहाँ प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला भजन-कीर्तन एवं सत्संग कार्यक्रम ग्रामीणों की एकजुटता, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर उदाहरण है।
उन्होंने आयोजन समिति, ग्राम पंचायत एवं समस्त ग्रामीणजनों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव समर्पित रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री समसेर सिंह, भाजपा नेता श्री यादवराम पटेल, श्री विभूति शिदार, श्री हेम सागर पटेल, ग्राम पंचायत बैगिनडीह के सरपंच श्री जितेंद्र पटेल, युवा नेता श्री अजय पटेल, पत्रकार श्री विभूति श्रीवास हेमसागर , पत्रकार राम कुमार थूरिया, श्री राजकुमार पटेल एवं श्री पुरुषोत्तम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, माताएँ-बहनें, युवा एवं श्रद्धालु ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रस्तुत भजन-कीर्तन, सत्संग एवं धार्मिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने संपूर्ण मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने ग्रामीणजनों द्वारा दिए गए आत्मीय स्वागत, सम्मान एवं स्नेह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा सभी के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

