रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म और करीब छह महीने तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को फास्ट ट्रैक न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय पीड़िता की मां ने रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2025 में किशोरी गांव के जंगल में बैल चराने गई थी। इसी दौरान पास के गांव के निवासी संजय यादव (19) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद युवक ने किशोरी को शादी कर पत्नी बनाकर रखने का वादा किया।
शिकायत के अनुसार, किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद आरोपी उसे अपने साथ घर ले गया और करीब छह महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(उ) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता की उम्र की पुष्टि के लिए उसका जन्म प्रमाण पत्र जब्त किया गया और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

