कलेक्टर की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य में धान खरीदी हेतु प्रशिक्षण संपन्न किया गया।
सारंगढ छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य में धान खरीदी का कार्य 15 नवम्बर 2026 से प्रारम्भ होकर 31 जनवरी 2027 तक किया जाना है। कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले में मास्टर ट्रेनर के द्वारा समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, खाद्य विभाग के अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी, मंडी विभाग के अधिकारी व समस्त समिति प्रबंधक व ऑपरेटरों को धान खरीदी के संबंध में आवश्यक तैयारी करने के लिए प्रशिक्षण दिनांक 29.10.2026 को दिया गया। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कुल उपार्जन केन्द्रों की संख्या 95 है, जिसमें से विकासखण्ड सारंगढ में 30 धान खरीदी केन्द्र विकासखण्ड बरमकेला में 27 धान खरीदी केन्द्र एवं विकासखण्ड बिलाईगढ़ में 38 धान खरीदी केन्द्र स्थापित है। कलेक्टर ने जिले के समस्त धान उपार्जन केन्द्रों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और 15 नवम्बर 2026 से प्रारम्भ हो रही धान खरीदी का महाअभियान की तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होने धान उपार्जन केन्द्रों में राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन में बुनियादी एवं मूलभूत सुविधाएं धान खरीदी से पूर्व पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिये। कलेक्टर ने तौल मशीन का सत्यापन करने, आर्द्रतामापक यंत्र की व्यवस्था करने के निर्देश दिये जिन-जिन उपार्जन केन्द्रों में आर्द्रतामापक मशीन, सी.सी.टी.वी.कैमरा चालू हालत में नहीं है ऐसे उपार्जन केन्द्रों में शीघ्र व्यवस्था करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि जिले के समस्त उपार्जन केन्द्रों में पूर्ण पारदर्शिता के साथ धान खरीदी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो इसके लिए सी.सी.टी.वी.कैमरा से कड़ी निगरानी की जावेगी। इसके लिए प्रत्येक धान खरीदी केन्द्र की मॉनिटरिंग राज्य स्तर, जिला स्तर, विकासखण्ड स्तर पर कड़ी निगरानी की जावेगी।
टोकन व्यवस्था:- छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा कृषकों की सुविधा के लिए टोकन काटने की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तुहर टोकन मोबाईल एप के माध्यम से टोकन काटने की सुविधा प्रदान की गई है, इसके अतिरिक्त किसान समिति में आकर भी अपना टोकन कटवा सकते हैं। इस वर्ष 2 एकड़ तक के किसानों के लिए 01 टोकन, 02 से 10 एकड़ तक के किसानों के लिए 02 टोकन व 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों के लिए 03 टोकन काटने की व्यवस्था की गई है।
अवैध धान परिवहन व भंडारण पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये:- कलेक्टर द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में सीमावर्ती राज्यों से अवांछित व्यक्तियों के द्वारा धान लाकर खरीदी केन्द्रों में खपाने का प्रयास करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये है। इसके लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के निर्देशन में प्रत्येक तहसील में तहसीलदार की अध्यक्षता में उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जिसमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक, मंडी सचिव, मंडी निरीक्षक एवं मंडी उपनिरीक्षक शामिल है व धान परिवहन पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिये गये है।
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील उपार्जन केन्द्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिये गये:- कलेक्टर द्वारा जिले के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिये गये, इसके लिए इन केन्द्रों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है।
उपरोक्त प्रशिक्षण कार्य में डिप्टी कलेक्टर सुश्री वर्षा बंसल, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, खाद्य अधिकारी, उपसंचालक कृषि, सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला विपणन अधिकारी, मंडी विभाग के अधिकारी, सभी समिति प्रबंधक व ऑपरेटर उपस्थित रहें।

