Raigarh News

कोतरलिया के 43 विद्यार्थियों ने देखा बिजली उत्पादन संयंत्र, जानी तकनीकी प्रक्रिया

रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोतरलिया के 43 छात्र-छात्राओं ने विद्युत उत्पादन संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बिजली उत्पादन की प्रक्रिया, औद्योगिक संयंत्रों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा मानकों और ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार एवं करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि विद्युत संयंत्र में बिजली का उत्पादन किस प्रकार किया जाता है और इसके संचालन में विभिन्न तकनीकी उपकरणों एवं प्रक्रियाओं की क्या भूमिका होती है। विद्यार्थियों ने औद्योगिक परिसर में सुरक्षा नियमों के पालन, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और टीमवर्क के महत्व को भी समझा।

इस दौरान उन्हें इंजीनियरिंग, तकनीकी शिक्षा, विद्युत एवं यांत्रिक क्षेत्र के साथ औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में भविष्य निर्माण की संभावनाओं से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने संयंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझते हुए ऊर्जा उत्पादन से जुड़ी तकनीकी जानकारी हासिल की।

इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावसायिक जागरूकता विकसित करना था। संयंत्र भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को औद्योगिक कार्यप्रणाली और तकनीकी क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता विजय कुमार बारीक, श्रीमती शारदा पटेल, श्रीमती विभा आचार्य और श्रीमती माधुरी इनकाने विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य चूड़ामणी पटेल एवं समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों के इस शैक्षणिक अनुभव की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button