बुजुर्ग महिला से लूट का आरोपी गिरफ्तार, हथौड़ी-डंडा और बाइक जब्त

रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े देवगांव में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर घुसकर मारपीट और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला के घर से 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लूटे थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी, बांस का डंडा और मोटरसाइकिल जब्त की है। शेष नकदी और जेवरात बरामद नहीं हो सके हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62) ने 1 नवंबर को खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे उनकी नींद खुली तो एक अज्ञात व्यक्ति आलमारी से सामान निकाल रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर वार किया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखी नकदी तथा जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) और 331(6) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी सतीश भार्गव और थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने जांच की। पूछताछ और संदिग्ध के हुलिए के आधार पर पुलिस ने नागेश कुमार गवेल (29), निवासी ग्राम बड़े बोरदी को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने वारदात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि वह 31 अक्टूबर की रात 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर उसने लूट की योजना बनाई। उसे जानकारी थी कि रामबाई घर में अकेली रहती हैं। रात में घर में घुसकर उसने हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़े। महिला के जागने और विरोध करने पर डंडे से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 3 हजार रुपये, हथौड़ी और डंडा बरामद किया। वारदात में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। शेष 25 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात की तलाश में पुलिस ने बताए गए स्थान पर खोजबीन की, लेकिन बरामदगी नहीं हुई। पहचान कार्रवाई के बाद आरोपी को 4 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
