Raigarh News

रेलवे मालगोदाम श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, बीपी-शुगर समेत कई जांचें हुईं

रायगढ़। रेलवे मालगोदाम में कार्यरत श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर के पक्की खोली स्थित सिंधी भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न जांचों की सुविधा दी गई।

भारतीय रेलवे मालगोदाम श्रमिक संघ की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य मालगोदामों में काम करने वाले श्रमिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के निर्देशानुसार और रेलवे प्रशासन के सहयोग से रायगढ़ एवं बाराद्वार मालगोदाम में कार्यरत श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर में श्रमिकों के रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), टीबी और कुष्ठ रोग की जांच की गई। इसके साथ ही नेत्र परीक्षण तथा आयुष्मान कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने श्रमिकों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, जरूरी परामर्श और आवश्यक उपचार के बारे में जानकारी दी।

आयोजन का उद्देश्य श्रमिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ संभावित बीमारियों के प्रति जागरूक करना भी है। रेलवे मालगोदामों में काम करने वाले श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की इस पहल के तहत रायगढ़ और बाराद्वार में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button