खरसिया। पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने 9 अक्टूबर को ग्राम पंचायत मौहापाली के विभिन्न मोहल्लों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विधायक ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। वहीं, कई युवाओं ने कांग्रेस में प्रवेश किया।
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मौहापाली पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-ताशों के साथ विधायक उमेश पटेल का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। जनसंपर्क के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं, मांगों और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उमेश पटेल ने बिजली दरों और बढ़ते बिजली बिल को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन करने वाला राज्य है, इसके बावजूद आम ग्रामीणों और गरीब परिवारों को महंगे बिजली बिल का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, बिजली का बढ़ता खर्च गरीब परिवारों के घरेलू बजट को प्रभावित कर रहा है।
पटेल ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में भी बिजली बिल से संबंधित मुद्दा उठाया है। उन्होंने गरीब और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर बिजली दरों में कमी और आम उपभोक्ताओं को राहत देना प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक उमेश पटेल ने ग्राम पंचायत मौहापाली में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें ग्रामीणों को समर्पित किया। इनमें अलग-अलग स्थानों पर निर्मित सीसी रोड, पंचायत भवन, प्राथमिक शाला भवन, चबूतरा और सामुदायिक भवन सहित अन्य कार्य शामिल रहे।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को ग्रामीणों की मांगों और आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील भी की।
जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक उमेश पटेल ने नवप्रवेशी युवाओं को कांग्रेस का गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में मौहापाली पंचायत के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

