रायगढ़। दीपावली त्योहार को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले में पटाखा दुकानों की नियमित जांच और अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। कलेक्टर समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में पेट्रोल पंपों पर शौचालय बंद रहने की शिकायतों पर भी कलेक्टर ने संज्ञान लिया। उन्होंने खाद्य अधिकारी को नियमित निरीक्षण करने और पेट्रोल पंपों में आम नागरिकों के लिए स्वच्छ एवं सुलभ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों के व्यावसायिक परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी अधिकारियों को नियमित निगरानी करने को कहा।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन और विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारियों को संबंधित पोर्टल नियमित देखने और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
भूमि पट्टा वितरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पात्रता का नियमानुसार परीक्षण कर वास्तविक जरूरतमंद हितग्राहियों को प्राथमिकता देने को कहा। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और शिक्षा ऋण योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्ताव 15 नवंबर तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा।
कलेक्टर ने हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थाओं में मुनगा पौधों के रोपण के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

