spot_img

Latest Posts

रेखा महमिया का कांग्रेस पर हमला, बोलीं- 65 हजार की हार के बाद भी नहीं उतरा अहंकार

रायगढ़। वित्त मंत्री ओपी चौधरी पर कांग्रेस नेता अनिल शुक्ला द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री रेखा महमिया ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस को विज्ञप्ति वीर बताते हुए कहा कि जनता ने विधानसभा चुनाव में 65 हजार वोटों से हराया, इसके बावजूद पार्टी के नेताओं का अहंकार कम नहीं हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अखबारों में बयान देने के बजाय जमीन पर उतरकर विकास कार्य देखने की सलाह दी।

रेखा महमिया ने कहा कि कांग्रेस ढाई साल पूरे होने से पहले ही भाजपा सरकार से विकास का हिसाब मांग रही है, जबकि अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब देने से बचती रही है। उन्होंने सवाल किया कि भूपेश बघेल सरकार के दौरान रायगढ़ में शिक्षा, खेल और मूलभूत सुविधाओं के लिए कौन से बड़े काम किए गए। उनके मुताबिक, कांग्रेस सरकार के समय नालंदा लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स कैंपस और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं का खाका तक तैयार नहीं किया गया।

भाजपा नेत्री ने ओपी चौधरी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए नालंदा परिसर लाइब्रेरी, करीब 100 करोड़ रुपये के स्पोर्ट्स कैंपस, सिंदूर पार्क, पहाड़ मंदिर पर्यटन स्थल, कोतरा रोड ऑक्सीजन क्षेत्र, रामलीला मैदान, भूतबंधान तालाब उन्नयन और जिला चिकित्सालय में सुविधाओं के विस्तार का जिक्र किया। उन्होंने प्रयास महाविद्यालय, बीएड कॉलेज, खेल मैदानों में नेट क्रिकेट और बैडमिंटन की व्यवस्था तथा गोवर्धनपुर पुलिया, प्रगति नगर मरीन ड्राइव और कायाघाट पुलिया को भी विकास कार्यों में शामिल बताया।

रेखा महमिया ने कहा कि रिंग रोड के लिए 400 करोड़ रुपये और केलो रिवरफ्रंट के लिए 29.99 करोड़ रुपये की स्वीकृति कराई गई है। लोहरसिंह में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का काम शुरू होने और 4800 मेगावाट के पावर हब तथा नए उद्योगों से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने का भी दावा किया।

वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कांग्रेस से 2018 के विधानसभा चुनाव और वर्तमान में कांग्रेस विधायकों की जीत को लेकर सवाल किए। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने पर वोट चोरी और जीतने पर लोकतंत्र की बात करना उचित नहीं है। अंत में उन्होंने कहा कि रायगढ़ की जनता विकास कार्यों पर सवाल उठाने वाले विपक्ष से परेशान है और ओपी चौधरी के विकास विजन का जवाब पहले ही 65 हजार वोटों से दे चुकी है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss