spot_img

Latest Posts

GPS ट्रैकर से पकड़ा गया राशन चोर गिरोह, रायगढ़ पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

रायगढ़ जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुसौर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों की जांच के दौरान पुलिस ने GPS ट्रैकर की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें चोरी का माल खरीदने का आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा व इनोवा कार सहित कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, पुसौर क्षेत्र के विभिन्न गांवों की राशन दुकानों में इस वर्ष कई बार चोरी हुई थी। इन घटनाओं में चावल और शक्कर की बोरियां चोरी की गई थीं। लगातार वारदातों से परेशान राशन दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और पुसौर थाना प्रभारी से कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने घटनाओं के तरीकों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी तेज रफ्तार वाहनों से रात में दुकानों तक पहुंचते और चोरी के बाद फरार हो जाते थे।

चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने राशन दुकान संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी। पुलिस के निर्देश पर एक शक्कर की बोरी में ट्रैकर छिपाया गया। 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी के दौरान आरोपी ट्रैकर लगी बोरी भी ले गए। सूचना मिलने पर पुसौर पुलिस ने अपराध दर्ज कर ट्रैकर के संकेतों के आधार पर तलाश शुरू की।

ट्रैकर के संकेत रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर मिले। इसके बाद पुसौर, घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली। पूछताछ में उसने मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी के चोरी का माल बेचने के लिए छोड़ने की जानकारी दी। पुलिस ने दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चावल की बोरियों से भरी क्रेटा और इनोवा कार भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेवाल कुजूर, समीर आलम, मोहम्मद हफीज, संतोष कुमार माहेश्वरी और डमरूधर खूंटे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुसौर क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305(ए), 331(4), 317(4), 111 और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने चावल और शक्कर की बरामद खेप की कीमत लगभग 3.60 लाख रुपये तथा दोनों कारों की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि शासकीय राशन दुकानों में चोरी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss