spot_img

Latest Posts

रायगढ़ के खिलाड़ियों ने टेबल टेनिस और शॉट पुट में जीते गोल्ड मेडल

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा ब्लॉक स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने टेबल टेनिस और शॉट पुट में स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि खो-खो के फाइनल में कांकेर की टीम ने धमतरी को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

आयोजन में छत्तीसगढ़ के आठ क्लस्टरों के करीब 515 बालक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें बलरामपुर, बस्तर, धमतरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, कांकेर, सरगुजा और सुकमा क्लस्टर के खिलाड़ी शामिल हैं।

अंडर-14 बालक एकल टेबल टेनिस स्पर्धा में रायगढ़ के सागर ध्रुव ने फाइनल में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विनायक पैंकरा को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। सागर ने तीनों सेट 15-13, 11-9 और 11-7 से अपने नाम किए। विनायक दूसरे और सरगुजा के रूपेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

शॉट पुट के अंडर-19 बालक वर्ग में धरमजयगढ़ के शिवम सिरसो ने 9.99 मीटर गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। वाड्रफनगर के बलदेव सिंह 9.72 मीटर के साथ दूसरे और धमतरी के भावेश 8.85 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 वर्ग में कांकेर के सुरेंद्र कोला ने 11.53 मीटर गोला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। सुकमा के रेनूराम दूसरे और धमतरी के जीव्रा खान तीसरे स्थान पर रहे।

खो-खो के फाइनल में कांकेर ने धमतरी को हराकर खिताब जीता। वहीं, अंडर-14 बालक शतरंज में मैनपाट के आकाश टोप्पो और अंडर-19 वर्ग में बलरामपुर के नारद सिंह विजेता बने। पारंपरिक योग के अंडर-19 वर्ग में सरगुजा के प्रियांजल एक्का ने स्वर्ण, बलरामपुर के प्रिंस सूर्यवंशी ने रजत और रायगढ़ के दुकेश कुमार ने कांस्य पदक जीता। अंडर-14 वर्ग में सरगुजा के अभय मिंज पहले स्थान पर रहे।

अंडर-19 बालक बास्केटबॉल में कांकेर, बलरामपुर, बस्तर और सुकमा की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल सहित अन्य खेलों के मुकाबले भी जारी हैं। विद्यालय के प्राचार्य मनीराम जांगड़े के अनुसार, पहले दिन वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और बास्केटबॉल समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss