रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सिंदूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्त भारत अभियान के साथ दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी कार्यक्रम में शामिल हुए और 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख रुपये की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राज्यगीत के साथ हुई। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
ओपी चौधरी ने सिंदूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पार्क में उपयुक्त स्थान का चयन कर ऐसा स्थायी मंच बनाया जाना चाहिए, जिसका इस्तेमाल अलग-अलग आयोजनों में किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की जरूरत नहीं होगी और कार्यक्रमों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है। उन्होंने बताया कि ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट सहित अन्य उपकरण आवागमन, शिक्षा और दैनिक कार्यों में सहायक होंगे।
उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवश्यकता को पूरा करना है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में नशामुक्ति को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया गया। ओपी चौधरी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने परिवार और समाज से भी नशे की ओर बढ़ रहे युवाओं को समय रहते सही दिशा देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने नशामुक्ति को लेकर हस्ताक्षर अभियान में भी सहभागिता की। उन्होंने ‘नशा सब कुछ नाश कर देता है। स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन हेतु नशामुक्ति अपनाएं’ संदेश के साथ लोगों को जागरूक किया।
मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग पर जोर
ओपी चौधरी ने युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल ज्ञान, जरूरी काम और संवाद का उपयोगी माध्यम है, लेकिन इसका अत्यधिक इस्तेमाल आदत में बदल सकता है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया और रील्स में जरूरत से ज्यादा समय देने के बजाय पढ़ाई, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने को कहा।
उन्होंने लगातार मोबाइल देखने से एकाग्रता, नींद, आंखों और स्वास्थ्य पर असर पड़ने की बात कही। साथ ही युवाओं को फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से बचने और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की अपील की। नियमित योग-व्यायाम, समय पर सोने-जागने और व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। उनके अनुसार कौशल और नई तकनीक की जानकारी हासिल कर युवा स्वयं रोजगार पाने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं।
उन्होंने रायगढ़ में युवाओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक और कौशल विकास सुविधाओं का उल्लेख करते हुए प्रयास विद्यालय, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, नेचुरोपैथी कॉलेज, नव गुरुकुल और नालंदा परिसर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रिपल आईटी के सहयोग से रायगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
नशामुक्त भारत की शपथ
कार्यक्रम में ओपी चौधरी सहित उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली। शपथ के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान के प्रति स्वयं जागरूक रहने, परिवार और समाज को जागरूक करने तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर आने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान नशे से दूर होकर सामान्य जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे प्रदीप पुरी गोस्वामी और गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दोनों ने नशामुक्त जीवन अपनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करना जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ प्रयासों को कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत बताई।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसकी आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और परिवारों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
350 दिव्यांगजनों को जरूरत के अनुसार उपकरण
कार्यक्रम में 350 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार करीब 60 लाख रुपये की लागत के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, किट, एडजेस्टेबल स्टिक, स्लेट केन, सुगम्य केन, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, सीपी व्हीलचेयर और विभिन्न प्रकार के क्रच सहित अन्य उपकरण शामिल रहे।
हितग्राहियों का पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में चिन्हांकन किया गया था। शनिवार को एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से 350 हितग्राहियों को उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अमृता मालाकार, पुष्पा नायक, ईश्वर चौहान और विशाल नागवंशी को यूडीआईडी प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
उपकरण मिलने के बाद हितग्राहियों और उनके परिजनों में उत्साह नजर आया। ग्राम सेमरा निवासी टेकचंद मालाकार ने बताया कि ट्रायसायकल नहीं होने के कारण उन्हें आने-जाने और पढ़ाई के लिए अपने पिता पर निर्भर रहना पड़ता था। अब ट्रायसायकल मिलने से वे स्वयं आसानी से आ-जा सकेंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया।
पुसौर ब्लॉक के छिछोर उमरिया की आंगनबाड़ी सहायिका सुनीता शंकर ने बताया कि उन्हें पहली बार ट्रायसायकल मिली है। उन्होंने कहा कि अब काम के सिलसिले में आने-जाने में सुविधा होगी। ट्रायसायकल मिलने पर उन्होंने खुशी जताते हुए शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, सुरेश गोयल, विजय केडिया, रमेश बेहरा, बलबीर शर्मा, शीला तिवारी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिवशंकर पांडेय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एलिम्को एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक और दिव्यांग हितग्राही उपस्थित रहे।

