Raigarh News

पुष्प वाटिका मुक्तिधाम में चला विशेष स्वच्छता अभियान

रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड क्रमांक 10 स्थित पुष्प वाटिका मुक्तिधाम में स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सुबह 7:30 बजे शुरू हुए अभियान में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य अमित शर्मा, पार्षद नवाब खान सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और सुपरवाइजर शामिल हुए।

अभियान के दौरान मुक्तिधाम परिसर में उगी गाजर घास, खरपतवार और अनावश्यक झाड़ियों की सफाई की गई। पेड़-पौधों की छंटाई कर परिसर को व्यवस्थित किया गया। सफाई कार्य में जेसीबी मशीन का भी उपयोग किया गया, जिससे विभिन्न हिस्सों से झाड़ियों और कचरे को हटाया गया।

महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना जरूरी है। उन्होंने मुक्तिधाम जैसे महत्वपूर्ण स्थल की नियमित सफाई और रखरखाव पर जोर दिया।

सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता को नियमित आदत और जनभागीदारी से जोड़ने की बात कही।

कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष अभियानों के साथ इन स्थलों की नियमित सफाई और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान में निगम के अधिकारी-कर्मचारी, एसडब्ल्यूएम टीम, स्वच्छता दीदियां और सुपरवाइजर सक्रिय रूप से शामिल रहे। निगम द्वारा सेवा ही संकल्प अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button