रायगढ़। रायगढ़-जशपुर मार्ग पर मंगलवार शाम जंगली हाथियों का बड़ा दल सड़क पर पहुंच गया। ग्राम अमलीडीही और समारुमा के बीच करीब शाम 4 बजे हाथियों के सड़क पर आने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाथियों की मौजूदगी के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात रोकना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का यह दल पिछले करीब चार दिनों से छैडोरिया गांव के जंगल में मौजूद है। दिनभर जंगल में रहने के बाद मंगलवार शाम हाथियों का दल सड़क की ओर पहुंच गया। अचानक हाथियों के सड़क पर आने से वाहन चालकों को अपने वाहन रोकने पड़े।
हाथियों के सड़क पार कर जंगल की ओर चले जाने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। इस दौरान दोनों ओर काफी देर तक वाहनों की कतार लगी रही। हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों और वाहन चालकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने, उन्हें छेड़ने या उनका रास्ता रोकने से बचने की अपील की गई है।

