छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में अफीम बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 47 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार भी जब्त की है। कार सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8.10 लाख रुपये बताई गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढिमरापुर चौक के पास सिल्वर रंग की ब्रेजा कार में एक युवक अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध कार के पास मौजूद युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान अमरजीत सिंह (20), निवासी रामभांठा, जगतपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखी 47 ग्राम अफीम मिली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदने की बात बताई। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी द्वारा बताए गए अफीम के स्रोत सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है।

