spot_img

Latest Posts

रायगढ़ में हाथियों का उत्पात, 16 किसानों की फसलें रौंदी

रायगढ़। जिले के रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी के बीच उनके खेतों में पहुंचने से 16 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। हाथियों के दल रात के समय जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच रहे हैं। वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर रही है।

जानकारी के अनुसार रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज के सामारूमा गांव में हाथियों ने पांच किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया। वहीं घरघोड़ा रेंज के कमतरा में एक किसान की धान की फसल बर्बाद हुई। धरमजयगढ़ वन मंडल के नलकालो क्षेत्र में कुसुम और श्रवण कुमार की फसल को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया।

प्रेमनगर और मेढरमार क्षेत्र में विजय राय, चैतराम, रत्थूलाल और दिलीप की धान की फसल हाथियों ने रौंद दी। इसके अलावा लैलूंगा और गमेकेला क्षेत्र में प्रशांत भगत, खेमचंद, मूसतराम और लालोनी शर्मा की धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

वन विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से अकेले जंगल की ओर नहीं जाने और शाम व रात के समय हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है। हाथियों की गतिविधियों पर हाथी मित्र दल और ट्रेकर निगरानी रख रहे हैं।

वन विभाग के अनुसार रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्रों में वर्तमान में करीब 130 हाथी मौजूद हैं। इनमें 39 नर, 62 मादा और 29 शावक शामिल हैं। विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss