spot_img

Latest Posts

10.72 लाख के 816 गैस सिलेंडरों का हिसाब गायब, 4 पर FIR

रायगढ़। जिंदल परिसर के गेट नंबर-2 स्थित इंडेन गैस एजेंसी में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के स्टॉक एवं वितरण में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। कलेक्टर न्यायालय के आदेश के बाद खाद्य विभाग की जांच में रिकॉर्ड की तुलना में 816 सिलेंडर कम पाए गए। इनकी कीमत करीब 10 लाख 72 हजार 150 रुपये आंकी गई है। जांच के आधार पर खाद्य विभाग की शिकायत पर कोतरा रोड पुलिस ने एजेंसी से जुड़े चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

मार्च में कलेक्टर के निर्देश पर सहायक खाद्य अधिकारी अंजनी कुमार राव और खाद्य निरीक्षक चूड़ामणी सिदार की टीम ने एजेंसी और गोदाम का भौतिक सत्यापन किया। रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध सिलेंडरों के मिलान में 14.2 किलो के 633 भरे घरेलू सिलेंडर कम मिले। वहीं 19 किलो के 56 भरे और 127 खाली व्यावसायिक सिलेंडर भी स्टॉक में कम पाए गए। इस तरह कुल 816 सिलेंडरों की कमी सामने आई।

जांच के दौरान 1,878 उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलने की जानकारी भी सामने आई। बताया गया कि इन उपभोक्ताओं ने गैस रिफिल की बुकिंग कराई थी और उनके इनवॉइस भी जनरेट हुए थे, लेकिन उन्हें वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं मिले। कुछ मामलों में बिना डिलीवरी के ही ऑनलाइन रिकॉर्ड में सिलेंडर वितरित होना दर्ज पाया गया।

भौतिक सत्यापन में गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था में भी कमियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा द्वार नहीं मिला, परिसर में सूखे पत्ते पड़े थे और केवल एक अग्निशमन यंत्र उपलब्ध था।

खाद्य विभाग की शिकायत पर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन के मामले में कोतरा रोड पुलिस ने एजेंसी प्रभारी टीकाराम पटेल, गोदाम प्रभारी भजराम धोबी, कंप्यूटर ऑपरेटर चेतन बरेठ और जिंदल प्रबंधन के अधिकारी आशीष गेरा के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss