Raigarh News

जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न ग्रामों में नवधा रामायण एवं भागवत कथा का किया श्रवण, संतों से लिया आशीर्वाद ,क्षेत्रवासियों के उन्नति व सुख समृद्धि की किया कामना

जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न ग्रामों में नवधा रामायण एवं भागवत कथा का किया श्रवण, संतों से लिया आशीर्वाद ,क्षेत्रवासियों के उन्नति व सुख समृद्धि की किया kamna

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के विभिन्न ग्रामों में आयोजित हो रहे नवधा रामायण एवं श्रीमद्भागवत कथा के धार्मिक आयोजनों में *जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय * पहुंचे। उन्होंने व्यास पीठ पर विराजमान संतों एवं कथावाचकों से आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धालुओं के साथ कथा एवं नवधा रामायण का श्रवण किया।

सर्वप्रथम ग्राम पंचायत केडार में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचकर उन्होंने व्यास पीठ पर विराजमान दीदी राजकिशोरी जी द्वारा सुनाई जा रही भागवत कथा का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने महाभारत के एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्योधन के पक्ष में राजयोग होने के बावजूद अंततः महाभारत का युद्ध कौरव हार गए। उन्होंने कहा कि केवल परिस्थितियां, शक्ति या राजयोग ही विजय तय नहीं करते, बल्कि धर्म और सत्य की शक्ति सबसे बड़ी होती है। जब सामने स्वयं भगवान श्रीकृष्ण हों, तो परिस्थितियों का परिणाम भी बदल जाता है। महाभारत का यह प्रसंग हमें धर्म के मार्ग पर चलने और ईश्वर की शक्ति पर विश्वास रखने की प्रेरणा देता है।

इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष ग्राम पंचायत सोनियाडी एवं मिर्चीद में आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां बड़ी संख्या में रामायण प्रतियोगिता में प्रतिभागी कलाकारों ने रामायण की रचनाओं का गायन एवं सुंदर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक प्रतिभावान रामायण मंडलियां एवं कलाकार उपस्थित रहे। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार की व्यवस्था भी की गई थी।

ग्राम मिर्चीद में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए संजय भूषण पांडेय ने कहा कि “हम सभी मिलकर अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ा रहे हैं और उन्हें संजोकर रख रहे हैं। इसमें आप सभी का महत्वपूर्ण योगदान है। हमें हमेशा भगवान श्रीराम की महिमा और रामायण की शिक्षाओं को सुनना, पढ़ना और अपने जीवन में उतारना चाहिए। रामायण केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा और संस्कार देने वाला ग्रंथ है।”

इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ “मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी” तथा “राम सिया राम, राम जय जय राम” का भजन भी प्रस्तुत किया। साथ ही “होइहि सोइ जो राम रचि राखा” के भाव को स्मरण करते हुए भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति भगवंतिन कुंजराम पटेल, जिला पंचायत सदस्य सुशीला मारूती साहू, जनपद सदस्य बिलाईगढ़ अशोक कुमार, दीपक लालू जिम्मी, संबंधित ग्रामों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। नवधा रामायण और भागवत कथा जैसे आयोजन हमारी सनातन परंपरा, संस्कार और संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button