Raigarh News

लंबित मामलों के निराकरण में लापरवाही न बरतें अधिकारी, जिला पंचायत CEO ने दिए निर्देश

रायगढ़। जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 23 नवंबर को आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान किया जाए।

बैठक में राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना की समीक्षा करते हुए युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर दिया गया। सीईओ ने कहा कि दसवीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को उद्योगों के माध्यम से अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग आपसी समन्वय से काम करें। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) समुदाय के पात्र परिवारों तक आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने की समीक्षा की गई। सीईओ ने संबंधित विभागों को शिविर आयोजित कर सभी पात्र हितग्राहियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

स्कूली और आंगनबाड़ी के बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रगति भी जांची गई। इसके लिए चार से पांच स्कूलों का क्लस्टर बनाकर पंजीयन शिविर आयोजित करने को कहा गया। छह वर्ष तक के बच्चों की अपार आईडी बनाने, आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, शौचालय, पेयजल और बिजली सुविधाओं की भी समीक्षा हुई। पूर्ण हो चुके भवनों को शीघ्र संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने तथा केंद्रों में मुनगा पौधों के वितरण की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर एल-2 और एल-3 स्तर पर लंबित शिकायतों का तेजी से निराकरण करने को कहा गया। एसडीएम, तहसीलदारों और विभागीय अधिकारियों को नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। बैठक में अक्टूबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर हेमेन्द्र भूआर्य, पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम, शिल्पा भगत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button