रायगढ़ में 631 वाहन चालकों पर कार्रवाई, करीब 4 लाख रुपये के चालान

रायगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने 22 नवंबर को जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 631 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 4 लाख रुपये का चालान किया गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले छह चालकों पर धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने क्राइम मीटिंग में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों पर नाराजगी जताते हुए सभी थाना प्रभारियों को नियमित कार्रवाई और यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत तेज रफ्तार, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट, मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन तथा बीमा एवं अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं रखने वालों पर कार्रवाई की गई।
अभियान में थाना यातायात रायगढ़ ने सर्वाधिक 185 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इसके अलावा तमनार में 101, धरमजयगढ़ में 74, छाल में 33, लैलूंगा में 31, भूपदेवपुर में 27, सिटी कोतवाली में 26, जूटमिल में 25, कापू और खरसिया में 23-23, कोतरारोड़ में 22, घरघोड़ा में 20, पुसौर में 19, चक्रधरनगर में 14 और पूंजीपथरा में आठ वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, जरूरी दस्तावेज साथ रखने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना जानलेवा हो सकता है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
