ऐतिहासिक उपलब्धि: जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में एक वर्ष से भी कम समय में 1 लाख से अधिक मरीजों का सफल उपचार* *ओपीडी (OPD) में 1,00,000 से अधिक मरीजों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

*ऐतिहासिक उपलब्धि: जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में एक वर्ष से भी कम समय में 1 लाख से अधिक मरीजों का सफल उपचार*
*ओपीडी (OPD) में 1,00,000 से अधिक मरीजों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
*आईपीडी (IPD) में 7,300 से अधिक मरीजों को भर्ती कर दिया गया बेहतर उपचार
*कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की
सारंगढ़। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए यह एक अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए वर्ष 2026 में एक वर्ष से भी कम समय के भीतर 1 लाख से अधिक मरीजों का सफल उपचार किया है। आज दिनांक की स्थिति में अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (OPD) में 1,00,000 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया है, वहीं अंतः रोगी कक्ष (IPD) में 7,300 से अधिक गंभीर एवं भर्ती मरीजों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है।
प्रदेश के *माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल* के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं और संसाधनों का निरंतर विस्तार हो रहा है। जिले की संवेदनशील *कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू* के विशेष सहयोग एवं निरंतर मार्गदर्शन तथा *सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल* के अथक प्रयासों से अब आम नागरिकों को अपने ही जिले में उच्च स्तरीय और सुलभ चिकित्सा सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।
* *आम जनता के अटूट भरोसे का प्रतीक हैं ये आंकड़े* : *डॉ. दीपक जायसवाल*
इस बड़ी उपलब्धि पर सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि “जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की ओपीडी में 1 लाख से अधिक और आईपीडी में 7,300 से अधिक मरीजों का उपचार केवल संख्यात्मक आंकड़े नहीं हैं, बल्कि यह जिला चिकित्सालय द्वारा दी जा रही गुणवत्तापूर्ण जिला स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं पर आम जनता के बढ़ते अटूट भरोसे का जीवंत प्रतीक है।” उन्होंने इस सफलता का श्रेय अस्पताल की पूरी टीम की एकजुटता को दिया।
* *कलेक्टर ने थपथपाई स्वास्थ्य अमले की पीठ*
जिला चिकित्सालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने हर्ष व्यक्त करते हुए चिकित्सालय के समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अधिकारी एवं कर्मचारियों के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अस्पताल के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के समर्पण और सेवा भाव का ही परिणाम है। कलेक्टर ने सभी कर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रकार पूरी लगन, संवेदनशीलता और निस्वार्थ सेवा भाव के साथ मानव सेवा में जुटे रहने हेतु प्रेरित किया।
