ओपी चौधरी ने रामभांठा में 75 लाख के स्कूल भवन का किया भूमिपूजन, विद्यार्थियों को किया सम्मानित

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने गुरुवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामभांठा में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन स्कूल भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि वित्त मंत्री ने विद्यालय के शाला नायक सुमन के हाथों भूमिपूजन कराया।
ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि नया भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनके सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शाला नायक सुमन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जीवन में इतनी ऊंचाई हासिल करें कि भविष्य में उनसे भी बड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन करें।
वित्त मंत्री ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि उनका जन्म रायगढ़ से करीब 17 किलोमीटर दूर बायंग गांव में हुआ था। आठ वर्ष की उम्र में पिता का निधन हो गया था और उनकी माता केवल चौथी कक्षा तक पढ़ी थीं। इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के माध्यम से वे भारतीय प्रशासनिक सेवा तक पहुंचे और बाद में रायगढ़ विधायक तथा प्रदेश के वित्त मंत्री बने। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और शिक्षा के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
चौधरी ने बताया कि वर्ष 2025 में रामभांठा विद्यालय को हाई स्कूल से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के रूप में उन्नत किया गया था। पहले यहां दसवीं तक पढ़ाई की सुविधा थी, लेकिन अब बारहवीं तक शिक्षा मिलने से रामभांठा और आसपास के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नया भवन विद्यालय की अधोसंरचना को मजबूत करेगा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगा।
उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ उनके व्यक्तित्व और संस्कारों के निर्माण में भी योगदान देते हैं। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, प्रभारी प्राचार्य नरेंद्र पटेल, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
