Raigarh News

प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी करने वाला पूर्व क्रेन ऑपरेटर गिरफ्तार, कबाड़ी समेत तीन जेल भेजे गए

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी करने वाला पूर्व क्रेन ऑपरेटर, चोरी का माल बेचने में मदद करने वाला ऑटो चालक और चोरी की संपत्ति खरीदने वाला कबाड़ी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 किलो कॉपर ट्यूब बरामद की है। तीनों को 24 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को प्लांट के जनरल मैनेजर दीप मुखर्जी (36) ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक, 23 नवंबर की सुबह जांच के दौरान करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब गायब मिली, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई। मामले में अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इंदिरा आवास पूंजीपथरा निवासी नित्यानंद राठिया चोरी की कॉपर ट्यूब का हिस्सा ऑटो चालक के साथ बेचने जा रहा है। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। नित्यानंद ने बताया कि वह करीब दो माह पहले प्लांट में क्रेन ऑपरेटर था। उसके अनुसार, 2 अक्टूबर की रात उसने क्रेन की मदद से करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब प्लांट की पिछली दीवार के बाहर फेंक दी थी। अगले दिन आरी से काटकर उसे अलग-अलग हिस्सों में बांटा और छिपा दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब अलग-अलग कबाड़ियों को 5 हजार रुपये में बेची थी। इसके अलावा ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू की मदद से करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब पूछापारा निवासी कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश को 5 हजार रुपये में बेची। इस बिक्री में ऑटो चालक को 2 हजार रुपये दिए गए थे। शेष कॉपर ट्यूब बेचने के लिए आरोपी ऑटो से रायगढ़ जा रहा था। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से भी करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब बरामद हुई।

पुलिस ने नित्यानंद से 5 किलो, कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद से 5 किलो और विकास के ऑटो से 5 किलो कॉपर ट्यूब जब्त की। चोरी की संपत्ति खरीदने के आरोप में कबाड़ी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नित्यानंद राठिया (25), लक्ष्मी प्रसाद महेश (38) और विकास उर्फ पतालू सहिस (28) के रूप में हुई है। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस ने की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button