Raigarh News

किसानों की सुविधा के लिए अपेक्स बैंक शाखा के स्थानांतरण की मांग, विधायक उत्तरी जांगड़े ने प्रबंध संचालक को लिखा पत्र

किसानों की सुविधा के लिए अपेक्स बैंक शाखा के स्थानांतरण की मांग, विधायक उत्तरी जांगड़े ने प्रबंध संचालक को लिखा पत्र

सारंगढ़। किसानों की सुविधा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की सारंगढ़ शाखा को वर्तमान स्थान से अन्यत्र स्थानांतरित कर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने इस सन्दर्भ में बैंक के प्रबंध संचालक, नवा रायपुर को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई एवं स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।

विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि अपेक्स बैंक की वर्तमान शाखा बिलासपुर रोड, प्रतापगंज, सारंगढ़ में संचालित है। इस शाखा के माध्यम से लगभग 25 सहकारी समितियों के किसानों को धान खरीदी की राशि का भुगतान किया जाता है। धान खरीदी के सीजन में प्रतिदिन लगभग 500 से 600 किसान भुगतान एवं अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए शाखा पहुंचते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान भवन में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण किसानों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है। साथ ही छाया, पेयजल एवं पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विधायक उत्तरी जांगड़े ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि किसानों की सुविधा और व्यापक जनहित को देखते हुए अपेक्स बैंक सारंगढ़ शाखा को किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा वहां पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने आशा व्यक्त की है कि बैंक प्रबंधन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे जिससे क्षेत्र के किसानों को बैंकिंग कार्यों में राहत मिल सकेगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button