कविता से गूंजा एनएसएस मंच, सात दिवसीय विशेष शिविर का हुआ भव्य समापन – दृढ़ संकल्प, ईमानदार प्रयास और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं : संजय पाण्डेय

*कविता से गूंजा एनएसएस मंच, सात दिवसीय विशेष शिविर का हुआ भव्य समापन – दृढ़ संकल्प, ईमानदार प्रयास और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं : संजय पाण्डेय*
सारंगढ़, 19 नवंबर 2026। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ से संबद्ध शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, सारंगढ़ की एनएसएस इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
समापन समारोह में जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई (आईएएस) एवं जिला पंचायत अध्यक्ष तथा प्रदेश अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष संघ छत्तीसगढ़, श्री संजय भूषण पाण्डेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में कलेक्टर पद्मिनी भोई ने उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और कहा कि आप किसी भी क्षेत्र के बारे में मुझसे सीधे पूछ सकते हैं। इस पर कुछ छात्र-छात्राओं ने उनसे आईएएस कैसे बनते हैं, इसकी क्या तैयारी करनी होती है, इस संबंध में प्रश्न पूछे। कलेक्टर मैडम ने उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि हमेशा अपना उद्देश्य बड़ा रखें और समाज के बारे में भी सोचें।
समारोह को संबोधित करते हुए संजय भूषण पाण्डेय ने अपने उद्बोधन की शुरुआत कविता से की –
छोड़कर अपने ख्वाबों को, घर देखा है
मैंने बचपन से मुश्किल सफर देखा है
सबने देखी है मेरी कमी अब तलक
आप पहले हैं जिसने हुनर देखा है
हम नहीं हैं वो जो रोया करते हैं अंजाम को
हम एक नई तारीख का आगाज़ दे जाएंगे
हम एनएसएस वाले हैं, हम सेवा से ऊंचे होते हैं
हमारा कद कुर्सी से नहीं, लोगों के दिलों से नापा जाता है।
उन्होंने कहा कि यह कविता एनएसएस के हर स्वयंसेवक की कहानी है।
पाण्डेय ने कहा, “दृढ़ संकल्प, ईमानदार प्रयास और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। जीवन में आप क्या बनना चाहते हैं, यह सबसे पहले आपकी सोच तय करती है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यक्षमता, ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण देते हुए कहा कि 76 वर्ष की आयु में भी उनकी सक्रियता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
सात दिवसीय शिविर में एनएसएस स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति, टीबी जागरूकता, स्वास्थ्य जाँच, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, डिजिटल जागरूकता एवं श्रमदान जैसे अनेक कार्य किए। ‘एक पेड़, मेरा दोस्त’ अभियान शिविर का विशेष आकर्षण रहा।
समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य लोकेश पटेल ने कहा कि विद्यार्थी हमेशा आगे बढ़ें, ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज सेवा को अपना संस्कार बनाएं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी यू. आर. पटेल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों के 7 दिन के समर्पण की सराहना की।
अंत में श्री पाण्डेय ने शिविर के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कार्यक्रम अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं सहयोग करने वाले ग्रामीणजनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में सारंगढ़ एसडीएम दशरथ सिंह राजपूत सहित कई अन्य अधिकारी कर्मचारियों व गणमान्य नागरिकों कीमत उपस्थिति रही।
