CG News : जशपुर के बालाछापर में गूंजा जनजातीय गौरव : बिरसा मुंडा के संघर्ष से नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा – ओपी चौधरी

जशपुर में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और महानायकों को किया गया नमन
रायगढ़ । आज जशपुर जिले के बालाछापर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। समारोह में जनजातीय समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महानायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर ओपी चौधरी ने कहा – आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और महानायकों को देशभर में नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा – जनजातीय समाज के महानायकों ने देश की स्वतंत्रता, अपनी संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अतुलनीय संघर्ष और बलिदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने से इनकार किया और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

ओपी चौधरी ने कहा -जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं, लोककलाएं और जीवन मूल्य हमारी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत हैं। मांदर की थाप, करमा नृत्य, लोकगीत और पारंपरिक वेशभूषा, ये सिर्फ कला नहीं है, ये हमारी पहचान है, हमारी आत्मा है।

उन्होंने कहा – भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महानायकों के संघर्ष और योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है। आज के बच्चों को पता होना चाहिए कि उनके पूर्वजों ने कितनी कुर्बानी देकर इस देश और इस संस्कृति को बचाया है। जब नई पीढ़ी अपने इतिहास को जानेगी, तभी वो अपने भविष्य को गर्व के साथ गढ़ सकेगी। समारोह के दौरान जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

उपस्थित लोगों ने जनजातीय समाज के विकास और संस्कृति के संरक्षण के लिए संकल्प लिया। ओपी चौधरी ने कहा – हमारी सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, विकास और संस्कृति के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनजातीय गौरव दिवस सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, ये हमारे महानायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है।

