हिंदी हमारी पहचान, अंग्रेजी मानसिकता से मुक्ति जरूरी: ओपी चौधरी

रायगढ़। हिंदी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए हिंदी के सम्मान और दैनिक जीवन में इसके अधिक से अधिक उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और मूल्यों की संवाहक है। हिंदी का सम्मान करना और इसे गर्व के साथ अपनाना हम सभी का कर्तव्य है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि हिंदी को सम्मानपूर्वक अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति को गर्व महसूस करना चाहिए और देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपराओं, मूल्यों और संस्कारों से हिंदी का गहरा संबंध है। ऐसे में हिंदी का सम्मान देश की सांस्कृतिक पहचान और आत्मसम्मान से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने अंग्रेजी भाषा को लेकर भी अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका विरोध अंग्रेजी भाषा से नहीं, बल्कि अंग्रेजी मानसिकता से है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी भाषा सीखने में कोई विरोध नहीं है, लेकिन इसके साथ जीवन में हिंदी के मूल्यों, संस्कारों और आत्म-सम्मान को बनाए रखना जरूरी है।
ओपी चौधरी ने कहा कि अंग्रेजी सत्ता के दौरान लॉर्ड मैकाले के माध्यम से अंग्रेजी भाषा के जरिए अंग्रेजी मानसिकता को प्रसारित करने का प्रयास किया गया था। उनके अनुसार, अंग्रेजी भाषा को श्रेष्ठ बताकर हिंदी भाषा को अपमानित करने का प्रयास किया गया और आजादी के कई दशकों बाद भी भारतीय समाज पूरी तरह से अंग्रेजी मानसिकता से मुक्त नहीं हो पाया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि भाषा के प्रति दृष्टिकोण केवल बोलचाल तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह व्यक्ति के आत्मसम्मान और अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति अंग्रेजी भाषा सीखे, इसका विरोध नहीं है, लेकिन उसे अपने जीवन में हिंदी के मूल्यों, संस्कारों और आत्म-सम्मान को बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने समाज से अंग्रेजी मानसिकता से मुक्ति के लिए हिंदी को अपनाने का आह्वान किया। उनके अनुसार, हिंदी को सम्मान के साथ अपनाने और दैनिक जीवन में इसके उपयोग को बढ़ाने से समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से और मजबूत तरीके से जुड़ सकता है।
ओपी चौधरी ने कहा कि हिंदी को अपनाना केवल भाषा के प्रयोग तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय मूल्यों और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना से भी जुड़ा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे हिंदी को गर्व के साथ अपनाएं और अपने दैनिक जीवन में इसका अधिक से अधिक उपयोग करने का संकल्प लें।
