spot_img

Latest Posts

राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया 41वें चक्रधर समारोह का श्रीगणेश

रायगढ़। कला, संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा के लिए देश-दुनिया में पहचान रखने वाले रायगढ़ के 41वें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह का सोमवार को भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत श्रीगणेश किया।

समारोह के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’, छत्तीसगढ़ राज्यगीत और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति हुई। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के दौरान समारोह स्थल देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया। वहीं छत्तीसगढ़ राज्यगीत ने प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव को अभिव्यक्त किया।

रामलीला मैदान में 14 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले चक्रधर समारोह में देशभर के ख्यातिलब्ध कलाकार संगीत, नृत्य और कला की विविध विधाओं की प्रस्तुतियां देंगे। समारोह को लेकर रायगढ़ में विशेष उत्साह का माहौल है। आयोजन के दौरान कला और संस्कृति की विभिन्न विधाओं के माध्यम से कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

चक्रधर समारोह रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला साधना और महाराजा चक्रधर सिंह की कला परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। महाराजा चक्रधर सिंह के कला और संगीत के प्रति योगदान से जुड़ी इस परंपरा को आगे बढ़ाने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकारों की सहभागिता होगी।

समारोह के शुभारंभ अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, सभापति डिग्रीलाल साहू, श्रीकांत सोमावार, गुरुपाल सिंघ भल्ला, सुभाष पाण्डेय और विकास केडिया सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इसके अलावा कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, सहायक कलेक्टर गोकुल आरके सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहे। कला और संस्कृति से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में आमजन ने भी समारोह के शुभारंभ में सहभागिता की।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss